नांदोली गांव का मामला : फसल की रखवाली करने गए वृद्ध पर तेंदुए का हमला, घायल

नांदोली गांव का मामलाफसल की रखवाली करने गए वृद्ध पर तेंदुए का हमला, घायल
  • ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की

राजसमंद जिले में तेंदुए का कुनबा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। अब तेंदुए आबादी क्षेत्र और खेतों की तरफ शिकार के लिए आने लग गए। गुरुवार सुबह नांदोली में खेत की रखवाली करते समय तेंदुए ने वृद्ध किसान पर हमला कर दिया। एकाएक हमले से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।

नांदोली निवासी घनश्याम पूर्बिया ने बताया कि गांव के मेड़तिया रोड स्थित बद्रीलाल (68) पुत्र हीरालाल जाट नीलगाय से फसल की रखवाली करने गए थे। इस दौरान खेत पर कुएं के पास बैठे तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया। किसान को हो-हल्ला करने पर आस-पास खेतों में मौजूद काश्तकार मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ जंगल में भाग गया। तेंदुए ने किसान के दोनों पैरों पर पंजा मारकर घायल कर दिया। घायल किसान को इलाज के लिए परिजन आरके अस्पताल ले गए। ग्रामीण हंसराज पूर्बिया, मीठालाल पूर्बिया, रामचंद्र पूर्बिया, राकेश चौधरी, शंकरलाल जाट सहित ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की।

Loading